हथियार के बल पर लॉ स्टूडेंट से कार लूटी
- बदमाशों ने भागने के दौरान पीड़ित से रुपये और मोबाइल भी छीना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अलीपुर इलाके में बदमाशों ने हथियार के बल पर कार सवार लॉ के छात्र को अगवा कर लिया। उसे सुनसान जगह पर ले जाकर कार लूट ली। भागने के दौरान बदमाश पीड़ित का नकदी और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अगवा कर लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है।
पीतमपुरा में रहने वाला ध्रुव सैनी (21) लॉ की पढ़ाई कर रहा है। सोमवार को ध्रुव अपनी कार से कादीपुर में रहने वाली मौसी के घर जा रहा था। बुढपुर के पास बाइक सवार तीन बदमाश उसकी कार को ओवरटेक कर कार को रोका। एक बदमाश पिस्टल दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी और उसकी बगल वाली सीट पर बैठ गया। जबकि दूसरा पिछली सीट पर बैठ गया। तीसरा बदमाश बाइक पर सवार हो गया। बदमाशों ने ध्रुव को गोली मारने की धमकी दी और चुपचाप कार को चलाते रहने के लिए कहा। कुछ दूर जाने के बाद सुनसान जगह पर बदमाशों ने ध्रुव को कार रोकने के लिए कहा। उसके बाद बदमाशों ने उससे आईफोन और नकदी छीन लिया और उसे कार ने नीचे उतार दिया। इसके बाद बदमाश कार लेकर फरार हो गए।