संपादक जी के ध्यानार्थ
बर्खास्त और निलंबित छात्रों
का शारदा विवि में हंगामा
प्रबंधन ने बुलाई पुलिस, वार्ता में दो दिन बाद निलंबन वापसी पर सहमति का दावा
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित शारदा विवि में पिछले दिनों अफगानी और भारतीय छात्रों के बीच मारपीट व हंगामे के मामले में बर्खास्त और निष्कासित छात्रों के साथ अन्य विद्यार्थियों ने सोमवार दोपहर जमकर हंगामा किया। इस पर विवि प्रबंधन ने पुलिस बुला ली। छात्र विवि की कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद छात्रों और विवि प्रबंधन के बीच वार्ता कराई गई है। पुलिस का दावा है कि विवि ने दो दिन बाद निलंबन वापसी की बात कही है।
शारदा विश्वविद्यालय में अक्तूबर माह की शुरुआत में अफगानी छात्रों ने एक भारतीय छात्र को पीट दिया था। इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार चार दिन तक हंगामा हुआ। चार अक्तूबर को कश्मीर के रहने वाले एहतेशाम बिलाल सोफी ने अफगानी छात्रों की हिमायत करते हुए भारतीय छात्रों से झगड़ा कर लिया था। इस पर भारतीय छात्रों ने उसकी पिटाई कर दी थी। मामले के तूल पकड़ने पर विवि प्रबंधन ने चार छात्रों को बर्खास्त कर दिया था। इसके अलावा, 15 छात्रों को छह माह से लेकर एक वर्ष तक के लिए निष्कासित कर दिया था। दिवाली की छुट्टी के बाद लौटे छात्रों ने विवि प्रबंधन से कार्रवाई वापस लेने का अनुरोध किया। प्रबंधन के मना करने से नाराज छात्रों ने विवि के गेट पर हंगामा किया। इसके बाद कुछ निष्काषित और उनके साथ अन्य छात्र विवि परिसर में आ गए। इस दौरान छात्रों ने विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची नॉलेज पार्क पुलिस ने छात्रों और विवि प्रबंधन के बीच वार्ता कराई।
कोतवाली प्रभारी अरविंद पाठक ने बताया कि वार्ता के दौरान विवि प्रबंधन ने छात्रों से लिखित माफीनामा देने को कहा है। प्रबंधन ने पुलिस को दो दिन बाद छात्रों का निलंबन वापस लेने का आश्वासन दिया है।
बैठक में होगा हंगामा करने
वालों पर कार्रवाई का निर्णय
पिछले दिनों हुए हंगामे के बाद विवि की कमेटी ने चार छात्रों की बर्खास्तगी और 15 छात्रों का छह माह से एक वर्ष तक निष्कासन किया है। किसी छात्र को अपनी बात रखनी है तो अर्जी दे सकता है। हंगामा करने वाले छात्रों पर सख्त कार्रवाई होगी। सोमवार को हंगामा करने वाले छात्रों पर कार्रवाई का फैसला मंगलवार को प्रबंधन की बैठक में होगा।
अजीत कुमार, ज्वाइंट रजिस्ट्रार, शारदा विश्वविद्यालय।