बैंककर्मी को लूटने वाले चार गिरफ्तार
नई दिल्ली। कल्याणपुरी में बैंक कर्मचारी पियूष को पार्क में ले जाकर लूटपाट करने के आरोप में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कल्याणपुरी निवासी शशांक, सौरव, अमन और अमित के रूप में हुई है। बदमाशों के पास से पीड़ित का मोबाइल मिल गया है। शशांक, सौरव और अमित पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार सिंह ने बताया कि कल्याणपुरी निवासी पियूष पटपड़गंज स्थित एक निजी बैंक में काम करता है। 6 नवंबर की रात वह चचेरे भाई के साथ खरीदारी करने जा रहा था। रास्ते में एक युवक कुछ बातचीत करने की बात कहकर उसे पार्क में ले गया। जहां उसके तीन अन्य सहयोगी आ गए। सभी पियूष की पिटाई कर 4000 रुपये, मोबाइल और सोने की चेन लूट कर भाग गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद चारों को दबोच लिया। ब्यूरो