चोरी छिपे लोग अब भी
चला रहे हैं पटाखे
- शिकायत मिलने और गश्त के दौरान पटाखा चलाते देख पुलिसकर्मी दर्ज करवा रहे हैं मामले
- कमला मार्केट पुलिस ने एक को रंगे हाथ दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिवाली के बाद भी लोग चोरी छिपे पटाखे चला रहे हैं। लोगों से शिकायत मिलने या फिर गश्त के दौरान पुलिसकर्मी पटाखा चलाते देख आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर रहे हैं। कमला मार्केट में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने एक युवक को राकेट चलाते हुए पकड़ने के बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। वहीं, रोहिणी इलाके में पाइप में गंधक-पोटाश डालकर धमाका करने वाले एक युवक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
भैया दूज की रात कमला मार्केट थाने में तैनात एएसआई व सिपाही ने गश्त के दौरान मिंटो रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास एक युवक को बोतल में रॉकेट रखकर आग लगाते देखा। रोकनेे के बावजूद उसने रॉकेट में आग लगा दी। पुलिसकर्मियों ने मोबाइल फोन से वीडियो व फोटोग्राफ करने के बाद युवक को दबोच कर थाने ले गए। युवक की पहचान मिंटो रोड निवासी मुकेश कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ सरकारी आदेश का उल्लंघन करने का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। बाद में पुलिस ने उसे जमानत पर छोड़ दिया।
उधर, एक अन्य मामले में बेगमपुर थाना पुलिस को राजीव नगर निवासी रामनिवास ने शिकायत की कि एक युवक उसकी गली में लोहे की पाइप में गंधक-पोटाश डालकर धमाका कर रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन भनक लगते ही युवक गंधक-पोटाश की थैली मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान पर राजीव नगर निवासी राहुल के खिलाफ सरकारी आदेश की अवहेलना करने का मामला दर्ज किया। पुलिस राहुल की तलाश कर रही है।