एटीएम चोरी का प्रयास, सीसीटीवी के मदद से आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । मध्य दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में रविवार देर रात एक बदमाश ने एटीएम में चोरी का प्रयास किया। दरियागंज थाना पुलिस ने एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी मो. कामिल उर्फ कामिल शेख को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नशे का आदी है। उसके खिलाफ करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। ।
दरियागंज के तुर्कमान गेट इलाके में यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम लगा है। वहां गार्ड तैनात नहीं रहता है। रविवार देर रात करीब 2.30 बजे आरोपी चोरी के इरादे से एटीएम में घुस गया। उसने एटीएम में लगी बैटरी भी हटा ली। इससे पहले की वह बैटरी ले जा पाता, एक राहगीर ने देखकर पुलिस को सूचना दे दी। आरोपी पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही फरार हो गया। खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया। एसीपी गीतांजली खंडेलवाल और दरियांगज एसएचओ मंगेश गेडम व अन्यों ने छानबीन शुरू की। जांच के दौरान एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपी की पहचान हो गई। सोमवार को उसे दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध भी कबूल लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।