पड़ोसी महिला निकली मास्टरमांइड, पांच गिरफ्तार
- न्यू अशोक नगर में वृद्धा पर हमला कर घर में घुसकर लूटपाट का मामला
- पिस्टल, छह कारतूस, दो बाइक, दो हेलमेट, कपड़े और लूट के जेवरात बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। न्यू अशोक नगर इलाके में 22 अक्तूबर को वृद्धा पूर्णिमा सूर को लहूलुहान कर उनके घर में लूटपाट की गुत्थी को पूर्वी जिला पुलिस ने सुलझाकर महिला सहित पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस वारदात की साजिश उनके पड़ोसी महिला ने किराएदार के साथ मिलकर रची थी। आरोपियों की पहचान पड़ोसी महिला निशा रानी (35), किराएदार व गैंग सरगना पवन उर्फ जितेंद्र (30), जुगनू उर्फ सागर (27), राजकुमार उर्फ राजू (48), विक्की (24) के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल, छह कारतूस, दो बाइक, दो हेलमेट, उस दिन पहने कपड़े और लूट के जेवरात बरामद किए गए हैं।
पूर्वी जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जसमीत सिंह ने बताया कि बुजुर्ग पूर्णिमा सूर अकेली न्यू अशोक नगर में रहती है। 22 अप्रैल को शादी का कार्ड देने के बहाने बदमाशों ने उनके घर में घुसकर लूटपाट की थी। विरोध करने पर उन्हें पिस्टल की बट मारकर लहूलुहान कर दिया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर बदमाशों की पहचान की। फिर पूर्वी दिल्ली के अलग-अलग जगहों से दबोच लिया। पूछताछ में सरगना पवन ने बताया कि वह परिवार के साथ नंद नगरी में रहता है। एक हत्या के मामले में वह जेल में से जमानत पर बाहर आया है। वह परिवार से दूर न्यू अशोक नगर में निशा नामक महिला के घर में किराए पर रहने लगा। उसकी निशा से नजदीकियां बढ़ी तो उसने बताया कि वह बड़ा हाथ मारना चाहता था। निशा ने अपने पड़ोसी पूर्णिमा सूर की जानकारी दी। उसे उम्मीद थी कि पूर्णिमा के घर मोटा माल मिलेगा। साजिश के तहत पवन ने लड़कों का इंतजाम किया। जुगनू और राजकुमार ने घर में घुसकर लूटपाट की जबकि पवन व विक्की बाहर खड़े रहे। पुलिस ने बताया है कि जुगनू के खिलाफ पहले से 27 मामले दर्ज हैं। निशा को छोड़कर बाकी सभी के खिलाफ एक या दो मामले दर्ज हैं।