क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
गांधी पार्क बस स्टैंड पर जहरखुरानों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार की रात जहरखुरानों ने एक यात्री को लूट लिया। इस दौरान वह जब थोड़ा कसमसाया तो बदमाशों ने उसका पैर तोड़ दिया। बाद में पुलिस ने उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया है।
अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड के स्टाफ ने बताया कि शुक्रवार की रात पुलिस वाले एक घायल को लेकर आए। उसके पास कुछ भी नहीं था। ऐसा लग रहा था कि लुटरों ने उसका मोबाइल, अटैची, नकदी आदि सभी कुछ लूट लिया है। वह बेहोशी की हालत में था और अपने बारे में कुछ भी बता पाने में असमर्थ था। उसकी हालत से लग रहा था कि लुटेरों ने उसका पैर भी तोड़ दिया था। शनिवार की दोपहर तक भी वह अपने बारे में कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं था। इमरजेंसी स्टाफ के मुताबिक पिछले सात आठ दिनों से प्रतिदिन एक या दो केस गांधी पार्क बस स्टैंड के आसपास से जहर खुरानी के आ रहे हैं। इससे शक हो रहा है कि जहरखुरानों का कोई गिरोह वहां पर सक्रिय हो गया है।