नई दिल्ली के साकेत थाना इलाके में तीन सेंधमारों ने चेहरा छुपाने के लिए हेलमेट पहनकर वारदात की। एक आरोपी के हाथ पर बना टैटू सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। इस टैटू से तीनों आरोपी साकेत पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पतंजलि की दुकान में घुसे बदमाशों ने पहले बैठकर काजू व बादाम खाए थे। इसके बाद काफी मात्रा में काजू, बादाम व अन्य सामान चुराकर ले गए थे।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जे-ब्लाक, साकेत स्थित राजीव यादव ने 21 अक्तूबर को साकेत पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी पतंजलि की दुकान का शटर तोड़कर बदमाश 65 हजार रुपये, मोबाइल फोन, पीओएस मशीन, काजू, बादाम व किसमिस के काफी पैकेट ले गए हैं। साकेत थानाध्यक्ष केशव माथुर की देखरेख में एसआई राकेश मीणा, अमर सिंह व हवलदार कमलेश की टीम ने दुकान के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में हेलमेट पहने तीन युवकों को घुसते देखा।
इनके चेहरे तो छुप गए, लेकिन एक युवक के हाथ पर टैटू बना दिख गया। जांच में पुलिस को पता लगा कि इस तरह का टैटू दुकान में काम करने वाले विक्की के हाथ में बना है। इसके बाद पुलिस ने दुर्गा विहार निवासी विक्की (23) को गिरफ्तार कर लिया। इससे पूछताछ के बाद इसके साथियों देवली गांव निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू (24) और संगम विहार निवासी नितेश (22) को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके कब्जे से चेारी की रकम में से 30600 रुपये, लेडीज बैग, पीओएस मशीन, मोबाइल फोन व मोटरसाइकिल बरामद की गई है।