नकली पेंट बेचने के आरोप में दो दुकानों पर छापा
नामी पेंट कंपनी के कर्मचारियों ने पुलिस से की शिकायत, दो हिरासत में
दादरी। रेलवे रोड स्थित दो दुकानों पर मंगलवार को एक नामी कंपनी के अधिकारियों ने छापा मारकर नकली पेंट और अन्य सामान पकड़ा है। अधिकारियों ने मामले की शिकायत पुलिस से भी की। पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्जकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों की पहचान अरविंद कुमार और सचिन मंगल के रूप में हुई है। कंपनी के अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे रोड स्थित गणपति और श्याम पेंट नाम की दुकानों में नकली पेंट बेचे जाने की शिकायत मिली थी। छापा मारकर पुलिस की मदद से नकली माल कब्जे में लिया गया है। वहीं, नगर में नकली पेंट बेचने वालों पर छापे की कार्रवाई की खबर मिलने के बाद व्यापारियों में खलबली मच गई। अधिकतर दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दी। उधर, नकली माल बेचने के आरोपी व्यापारियों के नजदीकी लोग कोतवाली पहुंच गए।