किशोर ने घर के बाहर खुद
को गोली मारकर जान दी
- एक दिन पहले मोबाइल फोन को लेकर बहन से हुआ था झगड़ा
- झगडे़ के बाद से था घर से बाहर, रविवार तड़के किया सुसाइड
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बिंदापुर इलाके में 12वीं पास एक किशोर ने घर के बाहर खुद को गोली मारकर जान दे दी। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि जांच के दौरान पता चला कि शनिवार को किशोर का बहन से मोबाइल फोन को लेकर झगड़ा हुआ था और किशोर मोबाइल को तोड़कर घर से बाहर चला गया था। फिलहाल पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच में जुटी है। मृतक की पहचान गुलशन उर्फ सन्नी(17) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गुलशन माता-पिता और बहन के साथ मटियाला इलाके में रहता था। 12वीं पास करने के बाद वह दिल्ली पुलिस की भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह सागरपुर स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ाई करता था। पिता रणवीर ने पुलिस को बताया कि शनिवार को घर में बहन से मोबाइल फोन को लेकर लड़ाई करने के बाद गुलशन घर से निकल गया था। देर रात उसके एक परिचित से उसकी फोन पर बात हुई थी। उसने अपने दोस्त के साथ द्वारका मोड़ के पास होने की बात कही थी। उसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया था।
रविवार सुबह करीब पांच बजे उसने अपने घर की घंटी बजाई। पिता ने देखा कि गुलशन दरवाजे पर खड़ा है। जब वह नीचे पहुंचे तो बेटे को लहूलुहान हालत में पड़े देखा। उसके सीने में गोली लगी थी। पास ही एक तमंचा पड़ा मिला, जिसे घबराहट में उसके चाचा ने उठा लिया। पिता ने उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। गुलशन की शर्ट की जेब से दो कारतूस मिले हैं। पुलिस ने उसके चाचा के पास से तमंचा बरामद कर लिया। शुरूआती जांच के बाद पुलिस को आशंका है कि घर की घंटी बजाने के बाद घरवालों ने दरवाजा खोलने में देरी की, जिससे किशोर को लगा होगा कि परिवार वाले नाराज हैं इसलिए उसने खुदकुशी कर ली। लेकिन उसके पास से मिला तमंचा और कारतूस से लगता है कि वह खुदकुशी का इरादा करके ही घर पहुंचा था। फिलहाल पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसके पास हथियार कहां से आया।