पूर्व विधायक के खिलाफ
खून से लिखा पत्र वायरल
- दो कारें और रुपये वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। बुलंदशहर जिले के पूर्व विधायक गुड्डू पंडित पर एक युवक ने खून से पत्र लिखकर धमकी देने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर वायरल किए गए पत्र में युवक ने खुद की जान को भी खतरा बताया है।
ईकोटेक-1 थाना क्षेत्र के गांव चूहड़पुर निवासी जितेंद्र भाटी ने पूर्व विधायक पर अपनी दो कारें और 15 लाख रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। जितेंद्र ने सोशल साइट पर वायरल हो रहे प्रधानमंत्री को संबोधित पत्र में खून से लिखा है कि पूर्व विधायक ने कुछ साल पहले उसकी दो कारें किराए पर ली थीं। बाद में पूर्व विधायक ने 15 लाख रुपये भी उधार लिए। काफी समय तक कारें व रुपये वापस न करने पर उसने तकादा किया तो जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। जितेंद्र ने अपने साथ किसी भी अनहोनी के लिए पूर्व विधायक को जिम्मेदार कहा है।
इस संबंध में एसपी देहात विनीत जायसवाल ने बताया कि सोशल मीडिया में पत्र वायरल होने की जानकारी मिलने पर युवक को थाने बुलाया गया है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।
मैंने ही दिलाई थीं कारें
कुछ साल पहले जितेंद्र मेरे पास ही रहता था। उसे मैंने ही कारें दिलाई थीं। किश्त मैंने जितेंद्र को दी थीं, लेकिन उसने जमा नहीं कीं। उसके आरोप झूठे हैं और इनमें सच्चाई होती तो पुलिस से सीधे शिकायत की जाती, न कि इस तरह मेरी छवि खराब करने का प्रयास किया जाता।
- गुड्डू पंडित, पूर्व विधायक