बदमाश एटीएम से लदा कंटेनर ले उडे़
नई दिल्ली। दिल्ली कैंट इलाके में बदमाश चालक को धमकी देकर एटीएम से लदे कंटेनर को लेकर फरार हो गए। कंटेनर में चार एटीएम लदे थे, जिन्हे जयपुर लेकर जाना था। चालक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में लेकर जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार, मूलत: नेपाल निवासी कमल बहादुर राजस्थान के सांगनेर में रहता है। वह पेशे से ट्रक चालक है। गत 11 सितंबर को वह संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर से कंटेनर लेकर जयपुर के लिए निकला। कंटेनर में चार एटीएम और कुछ दवाइयां थी। चालक नारायणा से निकलने के बाद धौला कुंआ अंडरपास के पास पहुंचा। वहां वह कंटेनर रोककर उसकी जांच करने लगा। इस दौरान कंटेनर स्टार्ट था। जैसे ही वह कंटेनर में चढ़ने लगा तो चार बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और उसे धमकाकर वहां से भगा दिया। इसके बाद बदमाश कंटेनर लेकर फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के जरिये बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। ब्यूरो