अन्य केंद्रों के ध्यानार्थ
राशन घोटाला
--------
क्षेत्रिय खाद्य अधिकारी को हटाने के निर्देश
- डीएम ने मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। आधार कार्ड डाटा में हेराफेरी करके राशन हड़पने के मामले में जिले में तैनात एक क्षेत्रिय खाद्य अधिकारी (एआरओ) को हटाने के लिए डीएम ने जिला आपूर्ति अधिकारी को आदेश कर दिया है। साथ ही मामले में जुड़े अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए भी पुलिस को निर्देश दिए गए हैं।
गौतमबुद्ध नगर में आधार नंबरों का इस्तेमाल करके सैकड़ों लोगों के राशन कार्ड के जरिये सरकारी राशन का घोटाला किया गया। इस मामले में जिले में तैनात एक एआरओ की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। डीएम बीएन सिंह ने उन्हें हटाने के आदेश जिला आपूर्ति को दिए हैं। दूसरी तरफ, इस घोटाले में जिन ऑपरेटरों के नाम सामने आए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी आरएस यादव का कहना है कि जिन आधार कार्डों का गलत उपयोग कर सरकारी राशन का वितरण किया गया है। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मंडलायुक्त से एक क्षेत्रिय खाद्य अधिकारी मांगा गया है। एक या दो दिन में निरीक्षक मिलने पर एआरओ को हटा दिया जाएगा।
वहीं जिलाधिकारी बीएन सिंह ने बताया कि मामले से जुड़े लोगों के खिलाफ दादरी और नोएडा में रिपोर्ट दर्ज हुई है। एक एआरओ को हटाने के भी निर्देश दिए हैं। मामले से जुड़े लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी हालत में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, जो अधिकारी या कर्मचारी मामले से जुड़े हैं। उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
जेवर व दादरी के राशन डीलरों पर लगेगा गैंगस्टर एक्ट
ग्रेटर नोएडा। तीन माह पहले जेवर और दादरी में राशन डीलरों के गेहूं की कालाबाजारी करने के मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने बताया कि दादरी और जेवर में भारी मात्रा में राशन डीलरों का गेहूं पकड़ा गया था, जिसमें राशन डीलरों की दुकानें निरस्त की गई थीं। वहीं जिन लोगों के कब्जे से सरकारी राशन का गेहूं पकड़ा गया था। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अनाज की कालाबाजारी करने के लिए गैंग बनाकर घोटाले को अंजाम दिया। इसलिए ऐसे लोगों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई करने के लिए पुलिस को निर्देश दिए हैं। ब्यूरो