शराब पीने के दौरान जिम में चली गोली, हेल्पर को लगी
नई दिल्ली। पंजाबी बाग इलाके में एक जिम में नशेे करने के दौरान एक युवक की पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली उसके दोस्त के कुल्हे पर लगी। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार केवल (26) सपरिवार राणा प्रताप बाग में रहता है। वह पंजाबी बाग स्थित एक जिम में हेल्पर का काम करता है। केवल ने पुलिस को बताया कि रविवार को जिम का कोच सन्नी जल्दी घर चला गया था। कोच के जाने के बाद वह अपने दोस्त जितेंद्र के साथ जिम में बैठकर शराब पीने लगा। नशे में जितेंद्र ने अपनी पिस्टल निकालकर टेबल पर रख दिया। इसी दौरान पिस्टल से गोली चल गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस पीड़ित के घर पहुंचकर उसका बयान लिया और इस बाबत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के कब्जे में पिस्टल बरामद कर उससे पूछताछ की जा रही है। ब्यूरो