युवक ने फोन छीनकर भाग रहे बदमाशों को दबोचा
नई दिल्ली। बेगमपुर इलाके में एक युवक ने मोबाइल फोन झपटकर भाग रहे बाइक सवार बदमाशों का पीछा कर एक बदमाश को दबोच लिया, जबकि दूसरा बदमाश बाइक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पकड़े गए बदमाश की पहचान विजय विहार निवासी अमरजीत (22) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार राजीव नगर एक्सटेंशन निवासी गोपाल दत्त (38) निजी कंपनी में नौकरी करता है। रविवार सुबह वह घर के पास से ई-रिक्शा पर सवार होकर कार्यालय जा रहा था, तभी बेगमपुर चौक के पास बाइक सवार दो युवक ई-रिक्शा के पास पहुंचे और उसके हाथ से मोबाइल झपटकर भागने लगे। गोपाल ने हिम्मत दिखाते हुए रिक्शा से उतरकर बदमाशों के पीछे भागा। जाम होने की वजह से भागने के दौरान बदमाशों की बाइक एक कार से टकराकर गिर गई और बाइक की पिछली सीट पर बैठे एक बदमाश को दबोच लिया। ब्यूरो