मेरठ और हापुड़ के लिए भी
कर्मचारियों को गोली मारकर
लाखों लूटने वाले 4 धरे
- बदमाशों से 21.5 लाख रुपये बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर पश्चिम जिले के स्पेशल स्टाफ ने केशवपुरम में अस्पताल के दो कर्मचारियों को गोली मारकर 44.5 लाख रुपये लूटने के मामले में अमन विहार निवासी सद्दाम (19), संदीप (28), पूठकलां निवासी पवन कुमार (30) और इल्तजा (25) को गिरफ्तार किया है। चार बदमाशों के पास से 21.5 लाख रुपये, सोने की चेन, पांच मोबाइल फोन और दो पिस्टल बरामद हुए हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त असलम खान ने बताया कि वारदात 30 जुलाई की दोपहर हुई थी। स्विफ्ट सवार बदमाशों ने पीतमपुरा स्थित माया मुन्नीराम अस्पताल के कर्मचारी राजकुमार और तेजपाल को गोली मार दी थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद अमन विहार निवासी सद्दाम को गिरफ्तार किया। सद्दाम ने बताया कि उनके मुखबीर इल्तजा ने कर्मचारियों के रुपये लेकर जाने की जानकारी दी थी। सद्दाम ने अपने दोस्त संदीप से और बदमाश साथ लेने को कहा। उसने पवन और विनय को साथ लिया। सद्दाम छोटा हन्नी और रवि चौहान को लेकर आया और वारदात की। पकड़े गए बदमाशों ने लूट की रकम से ढाई लाख के गहने खरीद लिये थे, जो पुलिस ने बरामद कर लिए। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गोवा, मुंबई, मेरठ और हापुड़ में दबिश दे रही है।