बाइक सवार तीन बदमाशों ने सीनियर सिटीजन से चेन लूटी
ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली क्षेत्र में दवा लेने जा रहे सीनियर सिटीजन दंपती से बाइक सवार तीन बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की और बदमाशों को तलाश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है। सीनियर सिटीजन सोसायटी में रहने वाले सत्येंद्र सिंह पत्नी के साथ रविवार रात यथार्थ अस्पताल के पास दवा लेने जा रहे थे। सोसायटी के पास ही एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने सत्येंद्र सिंह की पत्नी के गले से सोने की चेन तोड़ ली और फरार हो गए। दंपती ने शोर मचाया लेकिन बाइक सवार बदमाश तेज रफ्तार से भाग गए। कासना कोतवाली प्रभारी आजाद सिंह तोमर ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। ब्यूरो
-------------
एटीएम कार्ड क्लोन कर अधिवक्ता के खाते से निकाले 80 हजार
ग्रेटर नोएडा। साकीपुर गांव निवासी अधिवक्ता का एटीएम कार्ड क्लोन कर साइबर ठगों ने दिल्ली के एटीएम बूथ से 80 हजार रुपये दो बार में निकाल लिए। रुपये निकालने का मेसेज आने पर अधिवक्ता को जानकारी हुई और उन्होंने कार्ड ब्लॉक करा दिया। अधिवक्ता की शिकायत पर कासना कोतवाली पुलिस जांच कर रही है। कोतवाली कासना क्षेत्र के साकीपुर गांव निवासी अधिवक्ता अनिल भाटी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार रात करीब 12 बजे उनके मोबाइल पर दो बार 40-40 हजार रुपये निकलने का मेसेज आया। पड़ताल में पता चला कि रुपये दिल्ली के एटीएम बूथ से निकाले गए। अधिवक्ता का कहना है कि उनका एटीएम कार्ड भी उनके पास है। उन्होंने कहा कि रुपये कार्ड क्लोन करके निकाले गए हैं। कासना कोतवाली प्रभारी आजाद सिंह तोमर ने बताया कि शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो