फिरोजाबाद, आगरा, यूपी व जींद हरियाणा के लिए भी उपयोगी
सैन्य ट्रेड्समैन भर्ती परीक्षा
में नौ मुन्ना भाई गिरफ्तार
- दूसरे के स्थान पर दे रहे थे शारीरिक परीक्षा, सेना अधिकारियों ने किया पुलिस के हवाले
- आरोपी फिरोजाबाद,आगरा और जींद हरियाणा के रहने वाले, कोर्ट में पेश कर भेजा गया जेल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अब तक आपने लिखित परीक्षा में मुन्ना भाइयों को पकड़े जाने के बारे में सुना होगा, लेकिन दिल्ली कैंट इलाके में मंगलवार को ट्रेड्समैन के लिए होने वाली शारीरिक परीक्षा में नौ मुन्ना भाई पहुंच गए। शक होने पर अधिकारियों ने पड़ताल की और सभी नौ मुन्ना भाई को नारायणा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने बताया कि इन्हें बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। अब पुलिस उन परीक्षार्थियों की तलाश कर रही है, जिनके बदले ये परीक्षा में शामिल होने आए थे।
पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने बताया कि कुछ दिन से दिल्ली कैंट इलाके में सेना के सेंट्रल आर्डिनेंस डिपो में ट्रेड्समैन की शारीरिक परीक्षा चल रही है। देशभर से परीक्षार्थी यहां शारीरिक परीक्षा के लिए आ रहे हैं। मंगलवार सुबह सुशील कुमार (फिरोजाबाद), विमल कुमार (फिरोजाबाद), सुंदर सिंह (आगरा), शैलेश सिंह (फिरोजाबाद), दीपक (जींद, हरियाणा), विपन कुमार (फिरोजाबाद), आलोक सिंह (आगरा), बरार सिंह (फिरोजाबाद) और मधुबन सिंह (फिरोजाबाद) भी परीक्षा के लिए आए थे। सेना के अधिकारियों ने इनके कागजात की जांच की तो कुछ शक हुआ। इनके नाम तो ठीक थे, लेकिन फोटो दूसरे लड़कों की थी। सेना के अधिकारियों ने फोटो वाले लड़कों से पूछताछ की तो उन्होंने मान लिया कि वे दूसरे के बदले फिजिकल देने आए हैं। इन्होंने असली परीक्षार्थियों से 20-20 हजार रुपये लिये हैं।
मामले की सूचना फौरन नारायणा पुलिस को दी गई। सभी नौ मुन्ना भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी पहचान फिरोजाबाद निवासी कहर सिंह, शीलेश, अवनीश कुमार, दीपक, नवल किशोर, बंटू, संदीप कुमार के अलावा आगरा निवासी राम अवतार व जींद हरियाणा निवासी सोनू के रूप में हुई है। पुलिस को इन लोगों ने बताया है कि वे पहली बार दूसरे के बदले परीक्षा देने आए थे। पुलिस पता लगा रही है कि इसके पीछे कोई गिरोह तो नहीं है।