दिल्ली पुलिस के सिपाही को
लूटने वाले तीन गिरफ्तार
- स्पोर्ट्स बाइक से करते थे लूटपाट, एक केटीएम, एक सीबीजेड बाइक, कारतूस व कागजात बरामद
- आनंद विहार से लूटी थी आरोपियों ने केटीएम बाइक, 14 जुलाई को दरियागंज में युवक को लूटा था
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। हथियारों के बल पर दिल्ली पुलिस के जवान को लूटे जाने के मामले में दरियागंज पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी केटीएम-200 और सीबीजेड जैसी स्पोर्ट्स बाइक पर सवार होकर लूटपाट करते थे और पलक झपकते ही गायब हो जाते थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जिकान उर्फ मास्टर (29), साजिद (22) और राजा (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से केटीएम-200 व सीबीजेड बाइक, कारतूस व लूटा गया कुछ सामान बरामद किया है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त मंदीप सिंह रंधावा ने बताया कि गुरमीत सिंह दिल्ली पुलिस का सिपाही है। 13 जुलाई की रात ड्यूटी से घर जाते समय बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के लूप पर रोक लिया। आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर पुलिसकर्मी से चार हजार रुपये और कुछ कागजात लूट लिए। दरियागंज थाना पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। एसीपी गीतांजलि खंडेलवाल की देखरेख में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई। 16 जुलाई को सूचना मिली कि वारदात में शामिल बदमाश महावीर वाटिका दरियागंज के पास आने वाले हैं।
सूचना के बाद पुलिस ने केटीएम बाइक पर साजिद को दबोच लिया। आरोपी ने बताया कि वह अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देता था।
बताया कि 13 जुलाई को उसने राजा और तैयब के साथ मिलकर पुलिसकर्मी गुरमीत को लूटा था। वहीं, आनंद विहार इलाके में इन लोगों ने एक युवक को पिस्टल दिखाकर केटीएम बाइक लूट ली थी, जिसे यह लोग लूटपाट में इस्तेमाल करते थे। इसके बाद जिकान व राजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की मानें तो आरोपी सुनसान जगह पर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके साथियों की तलाश कर रही है।