निजामुद्दीन-बांद्रा एसी राजधानी एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन
नई दिल्ली। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर रेलवे ने निजामुद्दीन-बांद्रा एसी राजधानी स्पेशल ट्रेन को अब सप्ताह में तीन दिन चलाने का निर्णय लिया है। 18 जुलाई से 30 सितंबर के बीच यह ट्रेन यात्रियों की राह आसान करेगी। ट्रेन संख्या 09003 बांद्रा-निजामुद्दीन प्रत्येक मंगलवार, बृहस्पतिवार व शनिवार को चलेगी। ट्रेन संख्या 09004 निजामुद्दीन से बांद्रा के लिए 18 जुलाई से प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी। एक अन्य निर्णय में रेलवे ने नीलांचल एक्सप्रेस ट्रेन को बहाल करने का निर्णय लिया है। वाराणसी-जंघई सेक्शन पर यातायात ब्लॉक के कारण ट्रेन संख्या12876 आनंद विहार टर्मिनल-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस ट्रेन को निरस्त करने का निर्णय पिछले दिनों लिया गया था। अब इस ट्रेन को परिवर्तित मार्ग लखनऊ-सुलतानपुर-जफराबाद-वाराणसी रूट से चलाने के लिए बहाल कर दिया गया है। हालांकि बुधवार को नई दिल्ली से जलपाईगुड़ी के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशान होना पड़ेगा। ट्रेन संख्या 12524 नई दिल्ली-नई जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस ट्रेन निरस्त रहेगी।