परिवार सोता रहा, चोर नकदी और गहने पर कर गए हाथ साफ
अमर उजाला ब्यूरो
शहजादपुर। गांव बिलासपुर में चोरों ने एक घर से लाखों की नकदी चोरी कर लिए। वारदात के दौरान परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। चोरी के बारे में उन्हें सुबह उठने के बाद पता चला जब उन्होेंने देखा कि घर में सार सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद उन्होेंने पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बिलासपुर निवासी अवतार सिंह ने बताया कि वह रात को अपने पांच पारिवारिक सदस्यों के साथ लॉबी में सोया था। कुछ लोग बाहर सोये हुए थे। लेकिन जब सुबह काफी देर बाद उनकी आंखें खुली तो देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और ट्रंक में रखे सोने के गहने और नकदी गायब थी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना शहजादपुर पुलिस को दी। पुलिस और सीन ऑफ क्राइम की टीम ने मौके का मुआयना किया व साक्ष्य जुटाये। परिवार के सदस्यों का कहना था उनका घर बाहर फिरनी पर होने के चलते चोरों ने दीवार फांद कर घटना को अंजाम दिया। वहीं परिवार के सदस्यों को सुबह सिर दर्द था, जो कि पूरी होश में नहीं थे। अवतार सिंह का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि चोरों ने उन पर क्या किया, जिससे उन्हें सिर दर्द है। उन्होंने बताया कि उनकी 9 अंगूठी, एक कड़ा, एक चेन व और 75 हजार रुपये चोरी हुए हैं।