मथुरा के ध्यानार्थ
दहेज के लिए महिला को जिंदा जलाने का आरोप, पति गिरफ्तार
- पिता से ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
जेवर।
जेवर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बांगर गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को जिंदा जलाने का आरोप लगा है। युवती के पिता ने ससुराल पक्ष के पति, सास, देवर और ननद के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र के गांव राजागढ़ी निवासी अमर सिंह ने अपनी बेटी राजवती उर्फ सपना की शादी पांच साल पहले जेवर के रामपुर बांगर निवासी गंगाराम पुत्र भूले सिंह से की थी। अमर सिंह का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति गंगाराम, सास वीरवती, देवर रूपचंद, ननद भारती उनकी बेटी को दहेज में एक प्लसर मोटरसाइकिल व एक लाख रुपये की मांग को लेकर परेशान करते थे। आरोप है कि ससुराल वालों के प्रताड़ित करने पर सपना अपने एक बेटा व बेटी को लेकर मायके राजागढ़ी में रह रही थी, लेकिन मौजूद लोगों के द्वारा पंचायत में फैसला होने के बाद 8 जुलाई को सपना का भाई दिनेश बहन और उसके दोनों बच्चों को रामपुर बंगर उसकी ससुराल छोड़ गया। जहां बृहस्पतिवार रात आरोपियों ने सपना के शरीर पर मिटटी का तेल डाल जिंदा जला दिया। अमर सिंह की शिकायत पर जेवर पुलिस ने पति गंगाराम, सास वीरवती, देवर रूपचंद व ननद भारती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पति गंगाराम को गिरफ्तार कर लिया है।