महिला ने बच्ची से ठेकेदार के घर में करवाई चोरी
पीड़ित ने सीसीटीवी के आधार पर बच्ची को पकड़ा, महिला फरार
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। एक महिला द्वारा बच्ची के माध्यम से ठेकेदार के घर चोरी करवाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला ने 12 साल की बच्ची को चोरी की पूरी बात समझाकर उसे ठेकेदार के घर भेज दिया। इसमें बच्ची सफल हो गई, तो महिला ने दूसरे घर में चोरी की साजिश रच ली, तभी ठेकेदार ने सीसीटीवी के आधार पर बच्ची को पकड़ लिया, जबकि महिला फरार है। यह मामला कोतवाली सेक्टर-39 का है।
पुलिस ने बताया कि सदरपुर में रहने वाले राजकुमार शर्मा नोएडा प्राधिकरण में ठेकेदारी करते हैं। सोमवार सुबह उनके घर में चोरी की घटना हुई। घर में रखे 64 हजार रुपये और डेढ़ लाख रुपये के गहने गायब थे। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
आरोप है कि मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने मकान के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, तो उसमें घटना के वक्त 12 वर्षीय बच्ची गेट पर आते-जाते दिख रही थी। बृहस्पतिवार को राजकुमार ने अपने घर के पास से ही उस बच्ची को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने जब बच्ची से पूछताछ की, तो पता चला कि एक महिला ने उसे चोरी करने के लिए भेजा था। महिला बच्ची को चोरी की एवज में 500 रुपये देती थी।