आरोपी गार्ड को ले गई नासिक साइबर सेल पुलिस
नोएडा। सेक्टर-3 स्थित बजाज भवन से महाराष्ट्र की नासिक साइबर सेल पुलिस ने एक सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार किया है। आरोपी गार्ड नासिक से कई लोगों से धोखाधड़ी कर नोएडा आकर नौकरी कर रहा था। महाराष्ट्र की नासिक साइबर सेल पुलिस शुक्रवार शाम गार्ड को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि शुक्रवार सुबह महाराष्ट्र की नासिक पुलिस नोएडा पहुंची थी। थाने में आमद कराने के बाद स्थानीय पुलिस को साथ लेकर सेक्टर-3 के बजाज भवन पहुंची। यहां देवेंद्र सिंह गार्ड की नौकरी कर रहा था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। नासिक पुलिस का कहना है कि उसने नासिक में कई लोगों को ऑनलाइन सामान सस्ते में खरीदने का लालच देकर लाखों की ठगी की है। आरोपी ग्रेटर नोएडा के जेवर कस्बे का रहने वाला है।