जबरन घर खाली कराने पांच
गाड़ियों में पहुंचे 20 युवक
महिला के बाउंसर बेटे ने किया मुकाबला तो दो गाड़ियां छोड़कर भागे
- परिवार को हथियारों के बल पर डरा सामान भरकर ले जाने की कोशिश
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी। पांच वाहनों में सवार करीब बीस युवकों ने हथियारों के बल पर एक परिवार के घर का सामान भरकर ले जाने की कोशिश की। महिला के बाउंसर बेटे ने जान पर खेलकर आरोपियों को खदेड़ दिया। वे सामान से भरी टाटा मैजिक और बलेनो कार छोड़कर भाग गए।
पुलिस ने बताया कि धूममानिकपुर गांव में आमका रोड पर रहने वाले अजय प्रताप प्रिंट मीडिया में काम करते हैं। इनका बड़ा बेटा बाउंसर है। इन्होंने 120 गज का मकान 18 लाख रुपये में तय करके कुछ रकम दी और एग्रीमेंट करा लिया था। उनका आरोप है कि एग्रीमेंट होने के बाद इनके पास शेष रकम लेने के लिए कई लोग आने लगे और खुद को मालिक बताने लगे। ये बीच में उनसे दो लाख रुपये नकद भी ले गए। इसके बाद उन्होंने इस मकान के सही मालिक का पता लगाने के लिए न्यायालय में केस दायर कर दिया, जो अभी विचाराधीन है।
आरोप है कि शुक्रवार को दिन में एक टाटा मैजिक और चार कारों में सवार होकर करीब 20 लोग उनके घर में जबरन आ घुसे। घर पर अजय के दो बेटे व पत्नी थी। परिजनों को गन प्वाइंट पर लेकर इन्होंने घर का कीमती सामान टाटा मैजिक में भर लिया। इसके बाद घर में रखे दो लाख रुपये नकद और महिला के जेवर लूटने की कोशिश की। महिला के विरोध करने पर अभद्रता की। इसके बाद दोनों भाइयों ने आरोपियों को खदेड़ दिया। आरोपी सामान से भरी टाटा मैजिक और बलेनो कार छोड़कर भाग गए। इसके बाद अजय ने 100 नंबर पर शिकायत दी। पुलिस ने पहुंचकर दोनों गाड़ियों को कब्जे में लिया। बादलपुर कोतवाली प्रभारी विनय कुमार का कहना है कि घर खरीदने पर विवाद को लेकर झगड़ा हुआ है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।