नैनीताल। गैंगेस्टर के अभियुक्त की जमानत के लिए फर्जी दस्तावेज पेश कर कोर्ट से जालसाजी के आरोपी को तल्लीताल पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
थाना काशीपुर ऊधमसिंह नगर के मोहल्ला जैन मंदिर वाली गली वार्ड 18 कटोराताल निवासी आरोपी कृष्ण कुमार ने गैंगेस्टर अभियुक्त नन्हे की जमानत ली थी। इसके लिए उसने सिकंदर कुमार पुत्र सरवन कुमार के फर्जी नाम से कोर्ट में जमानती दस्तावेज पेश किये थे। जांच में यह फर्जी पाए गये। इसके बाद कोर्ट ने कृष्ण कुमार के विरुद्ध तल्लीताल थाने में तहरीर दी थी। इसके तहत अभियुक्त के खिलाफ पुलिस ने धारा 420, 467, 468, 471 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। तब से पुलिस को उसकी तलाश थी। शनिवार को मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने अभियुक्त को कचहरी रोड तल्लीताल से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष राहुल राठी ने बताया कि आरोपी को शनिवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।
कोर्ट से जालसाजी का आरोपी गिरफ्तार
गैंगेस्टर के अभियुक्त को छुड़ाने के लिए बनाए थे फर्जी दस्तावेज