एनआरआई के खाते से निकाले डेढ़ लाख रुपये
नोएडा। शहर की एक निजी कंपनी में इंजीनियर महिला के खाते से डेढ़ लाख रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला इंजीनियर इन दिनों कंपनी की दूसरी यूनिट में थाईलैंड में काम कर रही है और डेबिट कार्ड उनके घर पर है। इस मामले की शिकायत बैंक से की है। वहीं दूसरी ओर ठगों ने इंजीनियर का मेल हैक करके बैंक को यह सूचना दे दी कि रुपये भी उन्होंने ही निकाले हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित इंजीनियर सरन्या राघव नोएडा के सेक्टर-119 में परिवार के साथ रहती हैं। वह अक्सर कंपनी की ओर से यूके, इंग्लैंड और थाइलैंड जाती रहती हैं। इस समय वह थाईलैंड में है और 24 सितंबर को उनके खाते से चार बार में डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़िता ने बैंक को समय से सूचित कर दिया तो बैंक की ओर से महिला को हर्जाना देने के लिए कह दिया गया। मगर साइबर अपराधियों ने उनके मेल हैक करके एक मैसेज भेज दिया कि वह रुपये उन्होंने स्वयं निकाला है। इस पर बैंक ने रुपये देने से इंकार कर दिया। अब पीड़िता ने मामले की जानकारी एसएसपी नोएडा डॉ. अजयपाल शर्मा को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो