पिस्टल के बल पर नकदी और सोने की चेन लूटी
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित सेक्टर ओमीक्रान-3 के पास शनिवार दोपहर बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्टल के बल पर फुटवियर सप्लायर से लूटपाट की। बदमाश गोली मारने की धमकी देकर युवक से सोने की चेन और 5500 रुपये लूटकर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, गांव घोड़ी बछेड़ा निवासी सुभाष रावल के बेटे सचिन (24) विभिन्न बाजारों में फुटवियर सप्लाई करता है। दोपहर करीब एक बजे ग्रेटर नोएडा व सूरजपुर की कुछ दुकानों पर सप्लाई के बाद सचिन घर लौट रहा था तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे ओमीक्रान-3 सेक्टर के पास रोककर लूट लिया। सीओ निशांक शर्मा का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। ब्यूरो