लिफ्ट देकर दो युवकों को लूटा
नोएडा। कार सवार बदमाशों ने लिफ्ट देकर दो युवकों को लूट लिया। बदमाशों ने एनएच-24 पर दोनों युवक को ग्रेटर नोएडा जाने के लिए बिठाया था। इसके बाद बदमाश चाकू दिखाकर मोबाइल फोन और पर्स लूट कर बसई गांव में फेंककर भाग गए। पीड़ितों ने कोतवाली फेज-3 पुलिस से शिकायत की है। ग्रेटर नोएडा निवासी आमिर और मेहर एक कंपनी में काम करते हैं। बृहस्पतिवार शाम को दोनों सेक्टर-63 में दोस्त के यहां आए थे। रात करीब 11 बजे एनएच-24 पर ग्रेनो जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रहे थे तभी वहां उनके पास एक कार आकर रुकी। कार में पहले से चालक समेत पांच 3 लोग बैठे थे। आमिर व मेहर उसमें बैठ गए। कुछ दूर चलने के बाद के बदमाशों ने चाकू के बल पर दोनों से मोबाइल फोन और पर्स लूट लिया। इसके बाद करीब एक घंटे घुमाने के बाद बसई गांव के पास चलती कार से फेंककर फरार हो गए।
------------
किशोरी के साथ दुष्कर्म
नोएडा। कोतवाली फेज थ्री इलाके में 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी युवक किशोरी को तीन महीने पहले शादी का झांसा देकर घर से भगा ले गया था। किशोरी जब घर लौटी तब अपने घरवालों को इसके बारे में बताया। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
--------------
खाते से निकाले 20 हजार
नोएडा। सेक्टर-60 निवासी युवक के खाते से 20 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। जबकि युवक का डेबिट कार्ड उनकी जेब में था। पीड़ित युवक ने इसकी शिकायत कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस से की है। सेक्टर-60 निवासी अरविंद कुमार सेक्टर-63 की एक कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार रात करीब 2 बजे को उनके मोबाइल फोन पर 20 हजार रुपये निकलने के दो मेसेज आए थे। उन्होंने बैंक के कस्टमर केयर को कॉल किया तो पता चला कि डेबिट कार्ड के जरिये पैसे निकाले गए हैं। युवक ने कार्ड ब्लॉक करवा दिया। इसके बाद उसने बैंक जाकर खाते की स्टेटमेंट निकाली तो पता चला कि डेबिट कार्ड से ऑनलाइन शॉपिंग की गई है।