फिरोजाबाद सहित अन्य के लिए
--------------
हेडिंग: दहेज के लिए गला दबाकर हत्या का आरोप
दस माह पहले हुआ था विवाह, पति पर अवैध संबंध रखने का भी आरोप
एक महिला, पति सहित पांच ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली क्षेत्र स्थित अंसल गोल्फ लिंक सोसायटी में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर महिला की गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। महिला के भाई ने जीजा पर अन्य महिला से अवैध संबंध रखने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति सहित पांच ससुराल वालों व महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक, फिरोजाबाद के गढ़ी दानशाह गांव निवासी शिवकुमार नोएडा में मोटर मैकेनिक है। शिवकुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा है कि बहन राधा की शादी 4 मई 2018 को फिरोजाबाद के बीरई जहानाबाद निवासी नरेंद्र से की थी। नरेंद्र एक बिल्डर के यहां सुपरवाइजर है और अंसल गोल्फ लिंक सोसायटी में रहता है। आरोप है कि नरेंद्र और उसका परिवार शादी के बाद से ही राधा पर अतिरिक्त दहेज के लिए रुपयों की मांग करता था। साथ ही, नरेंद्र के एक महिला से अवैध संबंध हैं जिससे वह राधा से अक्सर मारपीट करता था। बुधवार देर रात 1 बजे उन्हें नरेंद्र के चाचा ने फोन कर कहा कि राधा का शव कैलाश अस्पताल में है। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे और पुलिस को राधा की गला दबाकर हत्या करने की सूचना दी।
------------------------
राधा के भाई शिवकुमार की शिकायत पर पति नरेंद्र, ससुर प्रमोद, सास, ननद व दादा और महिला के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद पति फरार है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। मामले की जांच की जा रही है।
- अजय कुमार, कासना कोतवाली प्रभारी