कॉलोनाइजर के बजाय किसान के खिलाफ मुकदमा दर्ज
ग्रेटर नोएडा। रूपवास आरओबी के क्रैश बैरियर को तोड़कर सरकारी जमीन पर कब्जा कर सड़क जोड़ने के मामले में प्राधिकरण ने कॉलोनाइजर के बजाए किसान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। डिवाइडर को ठीक कर दिया गया है, लेकिन अभी क्रैश बैरियर को ठीक कर सरकारी जमीन से मिट्टी नहीं हटाई गई। जिससे किसी वाहन के उतरने पर हादसे की आशंका बन गई है। प्राधिकरण का कहना है कि जमीन अब भी किसान के नाम पर है। इसलिए किसान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक की तरफ से सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है कि रूपवास बाईपास पर फ्लाईओवर के निकट मुख्य मार्गों के साथ ही प्राधिकरण क्षेत्र के ग्राम कैलाशपुर के खसरा संख्या 378 की अधिग्रहीत रिक्त भूमि पर चमन सिंह द्वारा अवैध रूप से सड़क की पटरी को काटकर व क्रैश बैरियर को तोड़कर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं कॉलोनाइजर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने से प्रश्नचिन्ह लग गया है। ब्यूरो