सोने की ईंट का लालच देकर 3 लाख लूटे
जिले में टटलूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पहले ओएलएक्स, अमेजन आदि बिजनेस साइट्स के मामले लूट के सामने आ रहे थे। शनिवार को सोने की नकली ईंट सस्ते दाम में बेचने का लालच देकर लूट करने का मामला सामने आया है। हालांकि इस मामले में पुलिस ने मौके से ही एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसके तीन अन्य साथी भागने में कामयाब रहे। पुलिस की मुस्तैदी के चलते घटना के घटित होते ही मामला सुलझता दिखाई दे रहा है।
पुलिस को दी शिकायत में महाराष्ट्र के सांगली जिला के जत्त निवासी सिकंदर ने बताया कि वह गाड़ी मैकेनिक का काम करता है। करीब एक माह पहले उसके मोबाइल पर फोन आया कि हरियाणा के नूंह जिले से बोल रहे हैं और घर में खुदाई करते वक्त सोने की ईंट निकली है। आरोपी ने उसे झांसे में लेते हुए कहा कि उन्हें पैसे की जरूरत है और वे सोने की ईंट को सस्ते दाम में उसे बेच देंगे। इसके बाद करीब 15 दिन पहले फिर नूंह जिले के सिंगार गांव निवासी लुकमान का फोन आया और कहा कि उसे पैसे की सख्त जरूरत है। वह तीन लाख रुपये लेकर नूंह आ जाए। आरोपी द्वारा दिए गए लालच में आकर सिकंदर दोस्त जुहेब के साथ शनिवार को नूंह पहुंचा। वहां उसने आरोपी से संपर्क किया तो वे उसे लेकर नूंह में मरगज में पहुंच गए। वहां उन्होंनेअपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे बंदूक दिखाकर उससे तीन लाख रुपये लूट लिए। जिसके बाद उसने नूंह पुलिस को सूचना दी। नूंह पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंच कर एक आरोपी सिंगार निवासी महमूद को हिरासत में ले लिया। जबकि सिंगार निवासी इस्माइल, जफरू व लुकमान मौके से फरार होने में कामयाब रहे। नूंह सिटी चौकी प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।