पशु लुटेरों ने की ग्रामीण की हत्या, एक बदमाश की भी मौत
जारचा। गांव खुरशैदपुरा में रविवार तड़के बाइक पर आए तीन पशु लुटेरों के आने की भनक लगने पर एक दिव्यांग जाग गया तो उन्होंने गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर उसका भाई रतन सिंह (58) मौके पर पहुंचा और एक बदमाश को दबोच लिया। इस पर बदमाशों ने साथी को छुड़ाने के लिए गोलियां चला दीं। एक गोली रतन सिंह के सीने और एक बदमाश की कमर में लग गई जिससे दोनों की मौत हो गई। बदमाश की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं, वारदात सेे आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर छह घंटे तक प्रदर्शन कर बदमाशों की गिरफ्तारी, लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग की। एसएसपी नेे मामले में बीट के दरोगा सुभाष चंद को लाइन हाजिर कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, दिल्ली मेें एमसीडी कर्मी रतन सिंह का गांव के बाहर घेर है। शनिवार रात वह घेर में सोए थे। पड़ोस में उनके चचेरे दिव्यांग भाई हरेंद्र सिंह का भी घेर है। हरेंद्र का कहना है कि पशु लुटेरों के आतंक के कारण रतन सिंह और वह घेर में ही पशुओं की देखरेख के लिए सोते हैं। शनिवार तड़के बदमाश उनके घेर में घुसे। हरेंद्र की आंख खुल गई तो बदमाशों ने गोली चला दी, लेकिन वह बच गए। गोली की आवाज सुनकर रतन सिंह की भी नींद खुल गई तो वह हरेंद्र के घेर में पहुंच गए। यहां उन्होंने एक बदमाश को पीछे से पकड़ लिया। बदमाश ने रतन सिंह पर हमला कर छूटने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हुआ। अन्य बदमाशों ने साथी को छुड़ाने के लिए रतन पर गोली चला दी। एक गोली रतन के सीने और एक गोली बदमाश की कमर में लगी। गोली लगने के बाद बदमाश अपने साथी को घसीटकर घेर से लगभग 50 मीटर दूर ले गए। बदमाशों ने बाइक पर उसे ले जाने की कोशिश की, लेकिन गोली की आवाज व शोर सुनकर अन्य ग्रामीणों को देखकर वह साथी को छोड़कर फरार हो गए।
---------------------------
रतन सिंह की एक सप्ताह पहले हुई थी भैंस चोरी
रतन के परिजनों ने बताया पिछले रविवार को उनकी एक भैंस चोरी हो चुकी है। इसके अलावा अन्य ग्रामीणों के भी आधा दर्जन से अधिक मवेशी चोरी हो चुके हैं। वहीं, विजय सिंह की 15 दिन पहले व रणबीर की 5 दिन पहले भैंस चोरी हुई थी जिसकी शिकायत कोतवाली जारचा पुलिस में दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
--------------
यूं फूटा पुलिस पर ग्रामीणों का आक्रोश
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना तड़के तीन बजे की है। घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली मात्र 500 मीटर की दूरी पर है, लेकिन पुलिस एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। इससे पहले भी गांव में पशु चोरी की वारदात हुई हैं। इसके ग्रामीणों के कई बार शिकायत के बावजूद न तो पुलिस ने बदमाशों को पकड़ा और न ही पशु चोरी रोकने के लिए कोई ठोस उपाय किए। इसी से गुस्साए ग्रामीणों ने छह घंटे तक दोनों शव नहीं उठने दिए। बाद में एसएसपी व विधायक के आश्वासन पर दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। -----------------------
पशु चोरों ने वारदात में नाकाम होने पर एक ग्रामीण की हत्या की है। पशु चोरों की गोली से ही बदमाश की मौत की जानकारी मिली है। बदमाशों के संबंध में ठोस सुराग मिला है। जल्द ही फरार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ग्रामीणों ने लापरवाही की भी शिकायत की है। मैं स्वयं इस मामले को देख रहा हूं। एक दरोगा को लाइन हाजिर किया गया है।
- वैभव कृष्ण, एसएसपी, गौतमबुद्ध नगर