दिल्ली, फरीदाबाद से बाइक चुराने वाला हत्थे चढ़ा
नूंह।
दिल्ली व फरीदाबाद से बाइक चोरी करने वाले एक युवक को नूंह सीआईए पुलिस ने धर दबोचा। उसके पास से चोरी की तीन बाइक बरामद हुई हैं। रविवार को पुलिस ने चोर को नूंह अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।
सीआईए पुलिस नूंह को 27 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना बरसाना, जिला मथुरा उत्तर प्रदेश के गांव जंगली का नंगला (हाथियाका) निवासी एहसान दिल्ली से बाइक चुराता है और नूंह स्थित पलवल टी-प्वाइंट पर चोरी की बुलेट बाइक लिए खड़ा है। बताया गया कि उसने बुलेट दिल्ली से चोरी की है। सीआईए पुलिस एएसआई जगदीश चंद, एएसआई उमर मोहम्मद, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, इसराइल, साबिर, राजेश, सिपाही जयपाल, इसराइल व हमीद की टीम बनाकर मौके पर पहुंची। वहां उसे बाइक सहित धर दबोचा। उसके पास से बिना नंबर प्लेट की नई बुलेट बाइक बरामद की, जो उसने दिल्ली से किसी पार्किंग से फर्जी पार्किंग पर्ची बनाकर चोरी की थी। उसे रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड में पूछताछ के दौरान उसने घर पर चोरी की अपाचे व स्पलेंडर बाइक होने की बात कबूली, जिन्हें नूंह सीआईए पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। पूछताछ के बाद उसे भोंडसी जेल भेज दिया गया। एएसआई उमर मोहम्मद ने बताया कि एहसान नशे का आदी है। उसके खिलाफ फरीदाबाद के सेक्टर-56 थाने में भी बाइक चोरी का मामला दर्ज है। दिल्ली में कहां-कहां मामले दर्ज हैं, ये जांच के बाद स्पष्ट होगा। पूछताछ में उसने ज्यादातर बाइक दिल्ली और फरीदाबाद से चुराने की बात कही।