नूंह। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा गरीबों को राशन न बांटने मामले पर संज्ञान लेते हुए दो डिपो धारकों के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। विभाग को इन डिपो धारकों की लंबे समय से शिकायत आ रही थी। जिसके बाद विभाग की जांच में शिकायत सही पाई गई। इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए डिपो धारक सोराब गांव के गुमट बिहारी व बड़ेलाकी निवासी परवेज आलम का लाइसेंस रद्द कर दिया है। बता दें, कि इन गांवों में डिपो धारकों की राशन न बांटने, देरी से बांटने, धांधली करने व धमकी देने के मामलों की शिकायतों पर विभाग द्वारा संज्ञान लिया गया है। इस मौके पर विभाग के इंस्पेक्टर वसीम अकरम ने बताया कि गरीबों को राशन नहीं देने पर इन दोनों डिपो धारकों के लाइसेंस रद्द किए गए है। इस तरह के लोगों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं को इसके लिए राशन बांटने में गड़बड़ी करने वालों की तुरंत शिकायत करनी होगी। जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।