फिरोजपुर झिरका। बेटी को न्यायपालिका में नौकरी दिलाने के नाम पर दो वर्ष पूर्व स्थानीय भाजपा नेता से 80 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामनेे आया है। भाजपा के पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और फिरोजपुर झिरका से भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेंद्र गर्ग ने पुलिस चौकी फिरोजपुर झिरका में दी शिकायत में बताया कि उसकी पुत्री न्यायपालिका की परीक्षा पास की हुई है। न्यायपालिका में नौकरी दिलाने के नाम पर रामजीत सिंह चेयरमैन, सोहना निवासी मानव राघव उनके पास बैठते रहते थे। जिसकी वजह से उन्हें इस बात का पहले से ही पता था कि बेटी ने ज्यूडिशियल सर्विस प्री परीक्षा पहले से ही पास कर ली है। उन्होंने अपनी पहुंच बहुत ऊपर तक होने की बात कही। उन लोगों ने बेटी की नौकरी लगवा देने की बात कही। जिसमें उन्होंने एक करोड़ रुपये की मांग कर पुत्री को न्यायाधीश बनाने का झूठा आश्वासन दिया। डॉ. महेंद्र ने बताया कि आखिर में 80 लाख रुपये में सौदा तय हो गया। जिसमें 8 लाख रुपये नगद, 70 लाख रुपये का चेक उन्हें दे दिया। बाकी दो लाख अपॉइंटमेंट होने के बाद देने की बात रखी गई। जनवरी 2020 में कुछ दिन पश्चात इसका परिणाम आया तो बेटी परीक्षा में पास नहीं ह्रुइ। इस पर उन्होने रामजीत और मानव राघव से उनके नगद पैसे व चेक वापस मांगे तो उन्होंने जान से मारने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया।
वहीं थाना प्रबंधक रमेश चंद ने बताया कि इस मामले के संबंध में दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा तथा उक्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
चेक की पेमेंट रुकवाई
डॉ महेंद्र गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला 2 वर्ष पुराना है। 13 जनवरी 2020 को बेटी की परीक्षा का परिणाम आया था। परीक्षा परिणाम में नाम नहीं आने पर 14 जनवरी 2020 को 70 लाख रुपये के चेक की पेमेंट को रुकवा दी गई थी। ऐसे में आरोपी 70 रुपये नहीं निकाल सके। हालांकि चेक क्लियर कराने को लेकर लगातार ठगों द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई। इसके अलावा मानसिक रूप से भी उक्त लोगों द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा है।