पीलीभीत। घरेलू कलह में पिता की हत्या मामले के आरोपी पुत्र को अपर सत्र न्यायाधीश विजय कुमार डुंगराकोटि ने साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया। गलत साक्ष्य देने पर मुकदमे के वादी को नोटिस जारी करने का आदेश दिया है।
अभियोजन के मुताबिक थाना पूरनपुर के मोहल्ला साहूकारा लाइनपार निवासी सुरेश यादव पुत्र गेंदनलाल ने आठ दिसंबर 2024 को तहरीर देकर कहा कि उसके घर के सामने उसके छोटे भाई शिशुपाल यादव का घर है। आठ दिसंबर 2024 को दिन में करीब साढ़े तीन बजे शिशुपाल के बेटे रवि यादव ने उसके सिर में लोहे की रॉड से हमला कर लहूलुहान कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रवि यादव ने घर से बाहर आकर अपने पिता की हत्या कर देने की बात कही। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। बाद विवेचना आरोप पत्र न्यायालय में पेश किया गया। बचाव पक्ष ने कहा कि शिशुपाल शराब पीकर अक्सर लोगों से झगड़ा करता था। घटना वाले दिन भी कुछ अज्ञात लोगों से उसका झगड़ा हुआ। इससे उसकी मृत्यु हो गई।
अभियोजन पक्ष घटना को साबित करने में नाकाम रहा। पत्रावली का अवलोकन करने और दोनों पक्षों के तर्कों को सुनने के बाद आरोपी को बरी करने का आदेश दिया। साथ ही वादी मुकदमा के विरुद्ध नोटिस जारी करने का भी आदेश दिया।