नूंह। खंड के गांव आकेड़ा स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में पूर्व मैनेजर द्वारा ही फर्जी तरीके से खाता खुलवाकर 1 करोड़ 8 लाख 93 हजार 129 रुपये को धोखाधड़ी से निकालने का मामला सामने आया है। बैंक के ब्रांच मैनेजर मोहित गोयल ने इस बारे में पुलिस कप्तान नरेंद्र बिजारनियां को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है। आकेड़ा चौकी में पुलिस ने बैंक के पूर्व मैनेजर सचिन कुमार मीणा, मनीष कुमार व धीरज के खिलाफ बैंक में करोड़ों रुपये की राशि का चूना लगाने के आरोप में उक्त तीनों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें कि आकेड़ा गांव के सर्व हरियाणा बैंक के ब्रांच मैनेजर सचिन कुमार ने अपने कार्यकाल में अपने दोनों साथियों के नाम फर्जी कागजों के आधार पर बैंक में खाता खुलवाकर इस राशि को दिया। जिससे उक्त लोगों ने इस राशि को हड़प लिया। इस बारे में बैंक के मैनेजर मोहित गोयल को ऑडिट आदि करने के दौरान मालूम हुआ तो उन्होंने उक्त आरोपियों की पुलिस कप्तान को शिकायत दी। जिसके आधार पर पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जांच अधिकारी आकेड़ा चौकी प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि बैंक मैनेजर मोहित गोयल की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। अभी मामले में जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता हैं।