तावडू। उपमंडल के अंतर्गत एक गांव से 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। तावडू पुलिस ने पीड़ित नाबालिग के पिता की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों सहित पांच के खिलाफ पोक्सो एक्ट व अन्य विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के पिता ने बताया कि गत 14 जून को शाम सात बजे के करीब उसकी 14 वर्षीय बेटी खेत में लकड़ी लेने के लिए गई थी। लेकिन उसके बाद वह घर पर नहीं लौटी। जिसकी उन्होंने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने बताया कि अगले दिन सुबह 8 बजे उनके भाई के पास फोन आया कि उनकी भतीजी गांव निजामपुर नदी के नजदीक एक ट्यूबवेल के पास बेहोशी की हालत में पड़ी हुई है। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे और नाबालिग को अपने साथ घर लेकर आए। होश में आने के बाद पीड़िता ने बताया कि नफीस ,इमरान और साहिल अगवा कर जबरन गाड़ी में बिठाकर अज्ञात जगह ले गए थे। वहां पर दो अन्य लड़के पहले से ही मौजूद थे। जिन्हें वह नहीं जानती थी। इसके बाद सभी ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और उसके साथ मारपीट भी की । वहीं किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद वह बेहोश हो गई। जांच अधिकारी एएसआई सुनीता का कहना है कि पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद और दो अन्य के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।