संभल। नगर पालिका परिषद ने लोगों द्वारा अवैध तरीके से कूड़ा डालने वाले सार्वजनिक स्थानों को चिह्नित कर उन्हें सेल्फी प्वाइंट बनाने का निर्णय लिया है। ऐसे स्थानों को चिह्नित करने के लिए 15 सितंबर से अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, उन निजी स्थानों को चिह्नित किया जाएगा, जहां कूड़ा डाला जा रहा है। उन स्थानों के स्वामियों को नोटिस देने की कार्रवाई की जाएगी। सेल्फी प्वाइंटों पर कुछ देश और दुनिया में नाम रोशन करने वाले क्रिकेट, फुटबॉल आदि खेलों से संबंधित खिलाड़ियों के फोटो भी लगाए जाएंगे। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी।
चार लाख से अधिक की आबादी वाले संभल शहर में नगर पालिका परिषद की डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था लागू है। इसके तहत हर एक दिन सुबह के वक्त फर्म के कर्मचारी मोहल्लों में जाकर घरों से कूड़ा एकत्र करते हैं। फिर भी तमाम लोग ऐसे हैं जो कूड़े को कर्मचारियों को न देकर अलग-अलग स्थानों पर फेंक देते हैं। जिससे उन स्थानों की तस्वीर खराब होती है और कूड़े से भीषण बदबू उठती रहती है।
मार्ग से जब लोग पैदल और वाहनों से गुजरते हैं तो बदबू का सामना करना पड़ता है। इससे लोगों को परेशानी होती है। इस समस्या का समाधान कराने के लिए अब नगर पालिका ने तैयारी कर ली है।
ईओ नगर पालिका डॉ. मणिभूषण तिवारी ने कहा कि शहर में जिन सार्वजनिक स्थानों पर अवैध तरीके से कूड़ा डाला जा रहा है उन्हें सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। अगर किसी निजी प्लाॅट में कूड़ा डाला जा रहा है तो उसके स्वामी से संपर्क करके कूड़ा डालने से मना करेंगे और प्लाॅट की बाउंड्री कराने के लिए कहा जाएगा। फिर भी इसके प्रति जागरूक नहीं हुए तो उन लोगों को नोटिस भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
ईओ ने कहा कि कूड़े वाले सार्वजनिक स्थान चिह्नित किए जाने का काम 15 सितंबर से शुरू होगा। जिसमें अभियान चलाकर स्थानों को चिह्नित कराएंगे और फिर उनकी तस्वीर बदलने का काम करेंगे।