ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर अल्फा-1 के बी ब्लॉक में नालियों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था ठीक नहीं होने से निवासी परेशान हैं। कई नालियों में लंबे समय से गंदा पानी जमा है। इससे आसपास के मकानों में सीलन की समस्या बढ़ रही है। निवासी प्रिया ने बताया कि पानी जमा रहने से मकानों की दीवारों में नमी आ रही है और कुछ जगह दरारें भी दिखाई दे रही हैं। रमेश कुमार ने बताया कि कचरा जमा होने से नालियों का पानी आगे नहीं निकल रहा है। गंदगी और दुर्गंध से भी लोग परेशान हैं। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। बारिश होने पर स्थिति और खराब होने की आशंका है।