ग्रेटर नोएडा। थाना बिसरख क्षेत्र में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में दंपती से मारपीट का मामला सामने आया है। महागुन मंत्रा विद्धि टावर निवासी तुलिका गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार को उनकी गाड़ी ग्रैंड समृद्धि एवेन्यू के पास पार्किंग में खड़ी थी। इसी दौरान एक वाहन उनकी गाड़ी के पीछे मुख्य सड़क पर गलत तरीके से खड़ा कर दिया गया। गाड़ी पीछे हटाने के लिए कहने पर चालक ने इन्कार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी।
आरोप है कि ऋतुराज ने उनके पति राजेश गुप्ता को कड़े से मारकर लहूलुहान कर दिया। इससे उनके सामने के दांत टूट गए और मसूड़े भी जख्मी हो गए। बीच-बचाव करने पर आरोपी ने तुलिका के साथ भी मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान बच्चे को भी घसीटा गया। कोतवाली प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो