यमुना सिटी के विकास और रखरखाव के लिए बनेगा काॅर्पस फंड, मिली मंजूरी
- 1200 करोड़ रुपये का अनुमानित आंकड़ा शुरूआत में प्रस्तावित, समय के साथ बढ़ेगा बजट, यूनीफाइड बिल्डिंग बाइलॉज लागू
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नोएडा एयरपोर्ट के पास विकसित हो रही यमुना सिटी के फेज-1 में सड़क, सीवर, स्ट्रीटलाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं का रखरखाव बेहतर तरीके से हो सकेगा। इसके लिए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) करीब 1200 करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाएगा। इसकी नियमावली को प्राधिकरण की 94वीं बोर्ड बैठक में मंजूरी दे दी गई है। शुरुआती तौर पर इतनी राशि जुटाने का प्रस्ताव है। समय के साथ फंड का आकार बढ़ाया जाएगा।
बृहस्पतिवार को यीडा कार्यालय में अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास आलोक कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में सीईओ राकेश कुमार सिंह ने यह प्रस्ताव रखा। इसके तहत आवंटियों से मिलने वाले विभिन्न शुल्कों को कॉर्पस फंड में जमा किया जाएगा। इनमें वन टाइम लीज रेंट, ट्रांसफर चार्ज, रीस्टोरेशन चार्ज, निर्माण अवधि विस्तार शुल्क, प्लान प्रोसेसिंग फीस, किस्तों के विलंबित भुगतान पर दंड शुल्क, पूर्णता प्रमाणपत्र शुल्क, जल और सीवर कनेक्शन शुल्क तथा मॉर्गेज परमिशन फीस शामिल हैं।
इसके अलावा बोर्ड ने शासन द्वारा औद्योगिक विकास प्राधिकरणों के लिए तैयार यूनीफाइड बिल्डिंग बाइलॉज पॉलिसी को भी अंगीकृत कर लिया है। इसके बाद अब नोएडा और ग्रेटर नोएडा की तरह यमुना सिटी में भी समान बिल्डिंग बाइलॉज लागू होगा। बैठक में यमुना प्राधिकरण के एसीईओ संजय मीणा, मनीष मीणा के अलावा ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह, एसीईओ प्रेरणा सिंह भी मौजूद रहे।
निजी कंपनियां भी विकसित कर सकेंगी बिजनेस पार्क
अब तक यमुना प्राधिकरण अपने स्तर पर औद्योगिक पार्क विकसित करता था। बोर्ड ने प्रदेश सरकार की निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 को भी अंगीकृत कर लिया है। इसके तहत एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय क्षमता रखने वाली अनुभवी निजी कंपनियां भी बिजनेस पार्क विकसित करने में निवेश कर सकेंगी। बोर्ड की सैद्धांतिक मंजूरी के बाद यीडा इसके लिए सेक्टरों में जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू करेगा। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही योजना का ब्रोशर जारी कर इसे लॉन्च किया जाएगा। इससे औद्योगिक विकास में निजी निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
सर्विस प्लान काे भी मिली मंजूरी
तेजी से यमुना सिटी फेज-1 में बढ़ रहे निवेश के बीच वहां पानी, सीवर की मांग भी बढ़ी है। ऐसे में यीडा ने महायोजना 2041 के मुताबिक एक सर्विस मास्टरप्लान तैयार कराया है। इस सर्विस प्लान को बोर्ड के सामने प्रस्तुत किया गया। इसे अब मंजूरी बोर्ड ने दे दी है। अब इस प्लान के मुताबिक सीवर, जल और ड्रेनेज नेटवर्क को विकसित किया जा सकेगा। उद्योगों के अलावा आवासीय व अन्य जरूरतों को भी इसमें शामिल रखा गया है।
यमुना प्राधिकरण की आमदनी चार गुना बढ़ी
सीईओ ने बोर्ड को बताया कि प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां पिछले वित्त वर्ष की तुलना में चार गुना अधिक दर्ज की गईं हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 30 अक्तूबर 2025 तक प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां 1746.38 करोड़ रुपये थीं। इसके विपरीत, वित्तीय वर्ष 2026-27 में 30 अक्तूबर 2026 तक कुल प्राप्तियां 7071.48 करोड़ रुपये तक पहुंच गईं हैं। इस वित्तीय वर्ष में भूमि अधिग्रहण के लिए 8000 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया था। इसमें से 4985.47 करोड़ रुपये भूमि क्रय और अधिग्रहण पर खर्च हो चुके हैं। यह कुल बजट का 62.32 प्रतिशत है। जेवर एयरपोर्ट परियोजना के भूमि अधिग्रहण पर 565.15 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। एनएचएआई को विशेष परियोजनाओं के लिए 555.38 करोड़ रुपये भेजे गए हैं।
किसानों के लिए प्राधिकरण ने तेजी से निस्तारित किए मामले
सीईओ ने बताया कि प्राधिकरण ने अभी तक कुल 14281 किसानों को 7 फीसदी आबादी भूखंड देने के लिए प्रकाशन किए हैं। इनमें से 11229 किसानों को आरक्षण पत्र जारी किए जा चुके हैं। अलग-अलग सेक्टरों में 5147 भूखंडों को नियोजित किया गया है। इसके अतिरिक्त, प्राधिकरण ने 64.7 फीसदी अतिरिक्त प्रतिकर का भुगतान किया है। इस मद में लगभग 3183.13 करोड़ रुपये का भुगतान संबंधित किसानों को किया गया है।
दो नए सेक्टरों में उद्यमियों को भूखंड देगा यीडा
सीईओ ने बोर्ड को बताया कि इंवेस्ट यूपी से निवेशकों को भूखंड देने के लिए बड़ी संख्या में पत्र जारी किए गए हैं। इन निवेशकों को भूखंड देने के लिए दो नए सेक्टरों को आवंटन के लिए खोला जाएगा। प्राधिकरण ने सेक्टर 4ए और 8ई में औद्योगिक भूखंडों के लिए भूमि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
16 हजार से अधिक आवासीय आवंटियों को भी दी राहत
यीडा ने अपनी आवासीय योजनाओं में 16 हजार से अधिक आवंटियों को राहत दी है। लीज डीड नहीं हो पाने की वजह से समय पर निर्माण पूरा करने की अवधि यहां पूर्व में खत्म हो चुकी हैं। पूर्व में भी दिए नि:शुल्क समय विस्तार की सीमा 31 दिसंबर 2026 को पूरी हो रही है। इसमें एक बिना किसी शुल्क के एक साल का समय विस्तार बोर्ड की अनुमति के बाद दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आवासीय सेक्टरों में कुछ क्षेत्रों में किसानों के विवाद और माननीय न्यायालयों के स्थगन आदेशों के कारण भूमि उपलब्ध नहीं है। 31 दिसंबर 2027 तक यह समय विस्तार आवंटियों को राहत देगा।
इन प्रस्ताव को भी मिली मंजूरी
- यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स को भी मंजूरी बोर्ड ने दे दी है। इसमें डीजीसीए और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा वायुयान सुरक्षा संबंधी नियमों का अनुपालन भी सुनिश्चित किया जाएगा।
- यमुना प्राधिकरण में स्थापित संस्थानों को रेस्को पद्धति पर छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने होंगे। गैर-पारंपरिक ऊर्जा विकास प्राधिकरण ( यूपीनेडा) द्वारा अनुमोदित संस्था या चयनित एजेंसी के माध्यम से यह काम करना होगा।