ग्रेटर नोएडा। जिले में कोरोना का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। शहरी क्षेत्र के बाद गांवों में भी इसका असर दिखने लगा है। बुधवार को 38 ग्रामीण क्षेत्रों को भी कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इसके बाद जिले में कुल 226 कंटेनमेंट जोन हो चुके हैं। बीते पांच दिन से जिले में संक्रमितों का ग्राफ तेजी से ऊपर की ओर बढ़ा है। स्वास्थ्य और प्रशासनिक अधिकारी इसे नीचे लाने में जुटे हैं। मंगलवार तक कंटेनमेंट जोन का आंकड़ा 216 था।
बुधवार को 38 गांवों को 25 अप्रैल तक के लिए कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। वहीं, विभिन्न सोसाइटी में भी रोज नए संक्रमित सामने आ रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर कुलेसरा, ऊंची दनकौर, कुलीपुरा, समाधीपुर, चचूला, सुस्याना, कुम्हरिया जहांगीरपुर, साकीपुर, हल्दौनी, सूरजपुर, मिर्जापुर, नलगढ़ा, चिटेहरा, सुधापुर, रानौली लतीफपुर, भाईपुर, थापखेड़ा, मोहम्मदाबाद खेड़ा, बिसरख, गिरधरपुर, थोड़ा जेवर, धनौरी, एच्छर, चिपियाना बुजुर्ग, गौड़ सिटी, बीटा दो सेक्टर, गामा एक, गामा दो, डेल्टा, सेक्टर-12, 78, 71, 61, 99, 76, 22, 93, 44, 31, 46, 30, 55, 47 कुल 226 क्षेत्र कंटेनमेंट जोन में शामिल हैं।
सोसाइटी में एक से अधिक संक्रमित तो बंद होंगी सार्वजनिक सुविधाएं
सोसाइटियों में यदि एक से अधिक संक्रमित पाए जाते हैं तो वहां सार्वजनिक सेवाएं बंद कर दी जाएंगी। इतना नहीं संक्रमित व्यक्ति को लिफ्ट जैसी सार्वजनिक सुविधाओं से दूर भी रहना होगा। सिटी मजिस्ट्रेट उमाशंकर ने इस बाबत आदेश जारी किया है। गौतमबुद्ध नगर में बड़ी संख्या में सोसाइटियां हैं। इन दिनों सोसाइटियों में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रशासन ने नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत सोसाइटी में एक से अधिक संक्रमित मिलने पर क्लब, पार्क, जिम और स्वीमिंग पूल आदि को बंद कराया जाएगा। यह कदम दूसरों को संक्रमण से बचाने के लिए उठाया गया है।
अधिकारियों की माने तो सोसाइटी में एक से अधिक संक्रमित मिलने पर वहां की एओए और आरडब्ल्यूए समेत अन्य समितियों से जूम के माध्यम से बैठक कर लोगों को जागरूक किया जाता है। अधिकारियों का कहना है कि जिले की सोसाइटियों में इन दिनों संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ी है। ऊंची इमारतों में रहने वाले सभी लोग लिफ्ट, क्लब, पार्क आदि सुविधाओं का प्रयोग करते हैं। ऐसे में एक संक्रमित से दूसरे में संक्रमण फैलने का खतरा अधिक है।
सोसाइटी में करना होगा नाइट कर्फ्यू और कोविड नियमों का पालन
दादरी एसडीएम अंकित कुमार ने बुधवार को ग्रेनो वेस्ट की सोसाइटियों की अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) और मेंटेनेंस टीम के पदाधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। इसमें बिसरख कोतवाली की प्रभारी भी मौजूद रहीं। एसडीएम ने निर्देश दिए कि सभी जगह नाइट कर्फ्यू और कोविड नियमों का सख्ती से पालन कराएं। यदि किसी जगह लोग एकत्रित होते हैं तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
सोसाइटियों में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। इस समय हर सोसाइटी में कोविड मरीज हैं। स्थानीय निवासी सोशल मीडिया पर प्राधिकरण और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। इस पर एसडीएम दादरी ने ऑनलाइन बैठक की। एसडीएम ने बताया कि जिले में नाइट कर्फ्यू लागू है। एओए और मेंटेनेंस टीम को इसका पालन कराना होगा। अनाउंसमेंट के माध्यम से निवासियों को समय-समय पर कोविड गाइडलाइन की जानकारी दें। बताया कि यदि कोई होम आइसोलेशन के नियमों का पालन नहीं कर रहा है तो उसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दें। सैनिटाइजेशन के लिए जिला मलेरिया अधिकारी को सूचना दे दी गई है।