नोएडा। कोविड का कहर घटने की उम्मीद लगा रहे लोगों के लिए चिंता की बात है। सप्ताह के शुरुआती दिनों में मिली राहत के बाद एक बार फिर कोविड खतरे की घंटी के रूप में नजर आने लगा है।
शनिवार को राज्य सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सर्वाधिक 14 नए मामले जिले में सामने आए हैं। जबकि महज 7 लोग ठीक हुए हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 71 हो गई है। इस सप्ताह के शुरुआती 5 दिनों में मात्र 33 मामले सामने आए थे। शुक्रवार को कोरोना के 2 और बृहस्पतिवार को केवल 1 मरीज मिला था। इससे स्वास्थ्य विभाग ने भी राहत की सांस ली थी, लेकिन अब फिर केस बढ़ गए हैं। कोरोना के अब तक 63035 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 62498 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि 466 लोगों ने जान गंवाई है। जान गंवाने वालों में जिला प्रदेश में छठे स्थान पर है। सक्रिय केस की संख्या के मामले में 12वां स्थान है। जबकि कोविड से ठीक होने वालों की संख्या के आधार पर भी जिले का छठा स्थान है।
डेल्टा प्लस वेरियंट के लिए जल्द भेजेंगे नमूने
देशभर में मिल रहे डेल्टा प्लस वेरियंट के मामलों ने भी विभाग की चिंता बढ़ा दी है। जिले में अब तक इसके मामले सामने नहीं आए हैं, लेकिन जिले में इससे जुड़ी जांच की सुविधाएं भी नहीं हैं। जल्द ही मरीजों के नमूने दूसरे जिलों में भेजकर जांच कराई जाएगी।