नूंह। रविवार को जिले में पांचवें दिन भी कोरोना का कोई नया केस नहीं आया। अब कोरोना के पांच सक्रिय केस ही हैं। इस दौरान एक मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौटा। जिले में अभी 2491 लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है।
अभी भी जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा हर दिन लगभग 700 मरीजों की जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह सैंपल आरटीपीसीआर एवं रेपिड एंटीजन टेस्टिंग किट द्वारा लिए जा रहे हैं। लोगों को मास्क लगाना, बार-बार साबुन से हाथ धोना और 2 गज की दूरी बना कर रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। जिले में अब तक कोरोना के 5005 मामले सामने आए हैं। जिनमें अब तक 4881 मरीज ठीक हो गए हैं। वहीं, कोरोना से जिले में अब तक 119 लोगों की मौत हो चुकी है।
जिले में अब तक 110493 लोगों को सर्विलांस पर लिया जा चुका है, जिनमें से 103353 लोगों को निगरानी में रखने का पीरियड पूरा हो चुका है। शेष 7140 लोग अंडर सर्विलांस हैं। अब तक 287351 लोगों के सैंपल लैब में भेजे जा चुके हैं जिनमें से 278946 की नेगेटिव रिपोर्ट मिली है। उपायुक्त शक्ति सिंह ने बताया कि जिले में लगातार कोरोना टेस्टिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिले का रिकवरी रेट 97.50 फीसदी तक पहुंच चुका है। जबकि पॉजिटिविटी रेट 0.00 फीसदी है। वहीं मृत्यु दर की बात करें तो पूरे जिले की मृत्यु दर 02.38 फीसदी है।