पार्क में भगत सिंह की प्रतिमा लगाने पर विवाद, तीन हिरासत में
नोएडा। सेक्टर-31 स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में सोमवार को बिना अनुमति शहीद भगत सिंह की प्रतिमा लगाने पर विवाद हो गया। प्राधिकरण के उद्यान विभाग की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने शहीद भगत सिंह सेना के तीन सदस्यों को हिरासत में ले लिया। वहां कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। देर शाम प्रतिमा को पार्क से हटा दिया गया। तब जाकर मामला शांत हुआ और लोगों को छोड़ा गया। जानकारी के मुताबिक, शहीद भगत सिंह सेना ने पार्क में प्राधिकरण के बिना अनुमति के भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित कर दी। सूचना मिलते ही उद्यान विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस प्रतिमा हटाने लगी। इस पर भगत सिंह सेना ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने हंगामा कर रहे तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। इस बात की सूचना समाजसेवी संगठनों व अन्य को मिली। प्रतिमा लगाने के पक्ष में जो लोग थे वह प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे और हिरासत में रखे युवकों को छोड़ने की अपील की। साथ ही लोगों से निठारी के पार्क में पहुंचकर धरना प्रदर्शन करने का भी आहवान किया, लेकिन पुलिस और प्राधिकरण के समझाने पर वह मान गए। प्राधिकरण के ओएसडी का कहना है कि प्राधिकरण शहर के निवासियों के साथ है, लेकिन किसी भी कार्य को करने से पहले अनुमति लेनी पड़ती है।