नूंह। युवाओं का राष्ट्र के निर्माण में अहम योगदान होता है। उन्हें नशे की प्रवृति से दूर रहकर देश के विकास में अपना योगदान देना चाहिए। यह बातें शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र पटेल ने मेवात मॉडल स्कूल नूंह में आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित आजादी कका अमृत महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर कही। उन्होंने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि पूरा देश आजादी के 75वें वर्ष को आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है। देश की आजादी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का बहुत बड़ा योगदान है, जिसमें उनकी दांडी यात्रा भी शामिल है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुजरात के साबरमती आश्रम से पद यात्रा शुरू की गई है, जो 25 दिन बाद 5 अप्रैल को दांडी में संपन्न होगी। साइकिल रैली मेवात मॉडल स्कूल से शुरू होकर जिला सचिवालय से होते हुए ट्रांसजिस्ट हॉल में संपन्न हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि अभी कोरोना संक्रमण पूरी तरह से समाप्त नहीं हुआ है। ऐसे में उचित दूरी बनाए रखना और मास्क पहनना जरूरी है। इस मौके पर जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी निर्मला, बॉक्सिंग कोच मनोज कुमार, कपूर सिंह, प्रवेश कुमार आदि मौजूद रहे।