मरम्मत कार्य में सुस्ती से उपभोक्ताओं पर कटौती की मार
- जिले में 30 करोड़ रुपये से अधिक के टेंडर जारी, पर समय पर शुरू नहीं हुआ काम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिले में बिजली आपूर्ति के इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार का सपना देख रहे उपभोक्ताओं को इस साल भी कटौती की मार झेलनी पड़ी। शुरू में दावा किया जा रहा था कि इस बार गर्मी के मौसम में इंफ्रास्ट्रक्चर को दुरूस्त कर लिया जाएगा और उपभोक्ताओं को अघोषित कटौती से राहत मिलेगी। यह दावा टेंडर प्रक्रिया में फंस कर रह गया।
अभी तक इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार का काम पूरा नहीं किया जा सका है। जिसके लिए करीब 30 करोड़ रुपये का फंड भी मुख्यालय से जारी किया गया। फंड जारी होने के साथ सौ से अधिक छोटे-बड़े टेंडर भी जारी किए गए। जिससे ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम होना था। हालांकि अब आधा अगस्त बीत चुका है। गर्मी ढलान की ओर है।
फोनरवा के महासचिव केके जैन ने विद्युत निगम के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर पहले से बेहतर प्लानिंग कर काम करते तो उपभोक्ताओं को कटौती की मार नहीं सहनी पड़ती। योजना के तहत अप्रैल तक सभी मरम्मत कार्य पूरे किए जाने चाहिए थे, जबकि जिले में गर्मी शुरू होने के बाद ही योजना बननी शुरू हुई। सेक्टर-27 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राजीव गर्ग ने बताया कि विद्युत निगम को लेकर उपभोक्ताओं में रोष बढ़ रहा है।