संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। भारतीय डाक विभाग की तरफ से छह से 10 अक्टूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया गया। शनिवार को डाकघर में ग्राहक दिवस भी मनाया गया, जिसके तहत जगाधरी में ग्राहकों की बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राहकों की शिकायतें सुनी गईं।
बैठक जिमखाना क्लब में अंबाला मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में आयोजित की गई। इसमें 25 से अधिक ग्राहकों ने भाग लिया। ये सभी बीपीसी यमुनानगर से जुड़े हुए हैं। इसमें नए ग्राहकों ने भी भाग लिया। इसमें ग्राहकों की शिकायतें भी सुनी गई जिनका मौके पर ही निवारण किया गया। विजय कुमार ने बताया कि सभी ग्राहकों को आश्वासन दिया गया कि भविष्य में भी सभी शिकायतें सुनी जाएगी एवं उनका निवारण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान कुछ ग्राहकों की ओर से डाक विभाग की सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी दिए गए। सभी ग्राहकों को विभाग की डाकघर बचत योजनाओं एवं डाक जीवन बीमा और अन्य वित्तीय सेवाओं से अवगत करवाया गया। इस मीटिंग में ग्राहकों को डाकघर निर्यात केंद्र के बारे में बताया गया जिसके तहत ग्राहक विदेश में अपने उत्पादों का निर्यात सुगम तरीके से कर सकते हैं।